
सिवनी मालवा / नर्मदापुरम / क्षेत्र की जर्जर एवं बदहाल ग्रामीण सड़कों के पुनर्निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर किसानों एवं किसान संगठनों द्वारा जिला प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। प्रशासन की इस सकारात्मक एवं जनहितकारी पहल पर किसानों, ग्रामीणजनों तथा किसान संगठनों ने कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं अनुभागीय अधिकारी (राजस्व) का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
ज्ञापन के बाद शुरू हुई कार्रवाई……
कुछ समय पूर्व किसानों द्वारा बरसात से पहले क्षेत्र की अत्यंत खराब हो चुकी ग्रामीण सड़कों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में बताया गया था कि सड़कें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने के कारण किसानों को कृषि कार्य, फसल परिवहन तथा विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर होने की आशंका व्यक्त की गई थी।
किसानों द्वारा विशेष रूप से कई प्रमुख ग्रामीण मार्गों की मरम्मत एवं निर्माण की मांग की गई थी, जिनमें पिपलिया कला–खाकरापुरा मार्ग, बेगनिया–कांसखेड़ी मार्ग, नंदरवाड़ा–खरख मार्ग, बराखेड़ा–इकलानी मार्ग, नंदरवाड़ा–नाहरकोला कला मार्ग, झाड़बीड़ा–इकलानी मार्ग तथा अन्य महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग शामिल थे।
सूरजपुर से सिवनी मालवा मार्ग पर भी दिखाई दिया निर्माण कार्य…..
किसान साथियों ने बताया कि सूरजपुर से सिवनी मालवा मार्ग पर निर्माण कार्य प्रारंभ होता हुआ दिखाई दिया, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आवागमन सुगम होगा तथा किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।
ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम…….
किसानों का कहना है कि सड़क निर्माण केवल आवागमन की सुविधा नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण विकास, कृषि प्रगति, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार से भी सीधे जुड़ा हुआ विषय है। प्रशासन द्वारा समय रहते लिए गए इस निर्णय से हजारों ग्रामीण परिवारों को लाभ मिलेगा तथा बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं में भी कमी आएगी।
किसानों की एकता बनी सफलता का आधार…….
किसान संगठनों ने कहा कि यह कार्रवाई किसानों की एकता और सामूहिक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। जब किसान संगठित होकर अपनी समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के समक्ष रखते हैं, तो उनके समाधान का मार्ग अवश्य प्रशस्त होता है। किसान की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संघर्ष और भाईचारे में निहित है।
प्रशासन के प्रति जताया आभार…….
समस्त किसान साथियों एवं किसान संगठनों ने कलेक्टर श्री मिश्रा एवं अनुभागीय अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशीलता, जनहित के प्रति प्रतिबद्धता एवं त्वरित कार्रवाई क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। किसानों ने अपेक्षा व्यक्त की कि शेष लंबित सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराए जाएंगे, जिससे ग्रामीण जनता को स्थायी राहत मिल सके।

