

नर्मदापुरम / जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस द्वारा “सुर से सेवा तक” नामक एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत, आगामी ‘पुलिस बैंड भर्ती’ को ध्यान में रखते हुए जिले के युवाओं को विभिन्न वाद्य यंत्रों का पूर्णतः निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
यह पहल युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिससे वे संगीत की कला सीखकर पुलिस बल में शामिल होने का अपना सपना पूरा कर सकते हैं।
प्रशिक्षण स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित होकर प्रशिक्षण ले रहे युवाओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, एसडीओपी जितेंद्र पाठक और रक्षित निरीक्षक (RI) स्नेहा चंदेल उपस्थित रहीं।
पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “सुर से सेवा तक” अभियान केवल संगीत सीखने का मंच नहीं है, बल्कि यह अनुशासन और देश सेवा के मार्ग पर चलने का एक माध्यम है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने भी युवाओं को कड़ी मेहनत करने और आगामी पुलिस बैंड भर्ती परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल ने प्रशिक्षण की रूपरेखा तैयार की गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पुलिस बैंड भर्ती के लिए शारीरिक और तकनीकी रूप से तैयार करना।
अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा सुर, ताल और विभिन्न वाद्य यंत्रों (जैसे- बिगुल, ड्रम, ब्रास बैंड आदि) का निशुल्क और गहन प्रशिक्षण देना।
संगीत के माध्यम से युवाओं में अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना।
नर्मदापुरम पुलिस का यह प्रयास न केवल कला और संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि जिले के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रख रहा है।

