
नर्मदापुरम / मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला नर्मदापुरम द्वारा जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को एक माह का अर्जित अवकाश (Earned Leave) प्रदान किए जाने की मांग शासन से की गई है। माँग करने वालों में संभागीय अध्यक्ष के के मालवीय, जिला संगठन मंत्री नवीन कुमार पटेल, जिला सचिव अजीत सिंह भदोरिया, महेशकुमार रायकवार आदि प्रमुख है। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मालक पटेल ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच शिक्षक घर-घर जाकर जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य का दायित्व निभा रहे हैं। इसके साथ ही वे अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहे हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अन्य विभागों के कर्मचारियों को विशेष परिस्थितियों में अतिरिक्त कार्य करने पर अर्जित अवकाश एवं अन्य सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जाता है। इसी प्रकार जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को भी उनके अतिरिक्त योगदान और परिश्रम को ध्यान में रखते हुए एक माह का अर्जित अवकाश प्रदान किया जाना चाहिए।
श्री पटेल ने कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण, समय लेने वाला तथा श्रमसाध्य कार्य है। इसलिए शिक्षकों को अन्य विभागों के कर्मचारियों के समान सुविधाएं, भत्ते एवं लाभ उपलब्ध कराए जाने चाहिए, जिससे उनका मनोबल बढ़े और वे पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
मुख्य मांगें…..
जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को एक माह का अर्जित अवकाश प्रदान किया जाए।
अन्य विभागों के कर्मचारियों की तरह समान सुविधाएं एवं लाभ उपलब्ध कराए जाएं।

