

नर्मदापुरम / शहर में पानी, सड़क, बिजली और नालों नालियों सहित अन्य समस्याओं को लेकर रहवासी जूझ रहे हैं। आए दिन शहर के लगभग सभी वार्डो से समस्याएं नगर पालिका पहुंचती हैं। चाहे जनसुनवाई हो सीएम हेल्पलाइन हो या फिर मौखिक कंप्लेन वार्ड में अवस्थाओं को लेकर लोग परेशान हैं। शहर की वार्ड नंबर 6 बड़ी बजरिया में बीचों-बीच स्थित बड़ा नाला लोगों को परेशानी का सबब बन गया है। इस नाले की सफाई नहीं होती और यह खुला होने से दुर्घटनाएं बढ़ रही है। कई दिनों से नाले की साफ सफाई नहीं की गई है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। कुछ दिनों पहले तीन बालिकाएं गाड़ी से गिर गई थीं । रहवासियों का कहना है कि कुछ साल पहले एक व्यक्ति की गाड़ी से गिरने से मौत हो गई थी। आए दिन जानवर भी दुर्घटना के शिकार होते हैं। गाड़ी चलाने वाले अनबैलेंस होकर गिर जाते हैं, क्योंकि रास्ता बहुत छोटा है और नाले की चौड़ाई अधिक होने के कारण बच्चे खेल भी नहीं पाते हैं । नाले की देखभाल नहीं होने से महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। नाले के चारों तरफ आवास हैं जिससे यहां रहने वालों को बहुत समस्याएं झेलनी पड़ती हैं। प्रशासन इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है । नगर पालिका की टीम के द्वारा भी निरीक्षण किया गया किंतु कोई कार्रवाई नहीं की गई। नगर पालिका अधिकारी को वार्ड वासी कई बार शिकायत कर चुके हैं। इस मामले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी भी शिकायत की गई थी लेकिन अधिकारी, अफसर के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही।

