

सिवनी मालवा / आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा द्वारा नगर के सभी प्रमुख नालों एवं नालियों की विशेष साफ-सफाई का अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक वार्ड में सफाई अमला सक्रिय होकर नालों में जमा गाद, कचरा एवं अवरोधों को हटाने का कार्य कर रहा है। जेसीबी, पोकलेन मशीन एवं अन्य संसाधनों की सहायता से जल निकासी मार्गों को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि वर्षा ऋतु के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
सफाई कर्मियों के समर्पण को किया नमन…..
नगर पालिका अध्यक्ष रितेश ‘रिंकू’ जैन ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मयोगी सफाई साथियों का समर्पण और अथक परिश्रम प्रशंसनीय है। समय रहते की जा रही सफाई व्यवस्था से वर्षा ऋतु में जलभराव, गंदगी एवं बीमारियों जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी तथा नगर स्वच्छता के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
वर्षाकाल की तैयारियों पर विशेष फोकस……
मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उइके ने बताया कि वर्षा पूर्व तैयारियों के तहत नगर के सभी प्रमुख नालों एवं नालियों की गहन सफाई कराई जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
नागरिकों से सहयोग एवं जागरूकता की अपील…..
नगर पालिका प्रशासन ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर, मोहल्ले एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें। साथ ही वर्तमान भीषण गर्मी को देखते हुए पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दें। प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
सामूहिक प्रयासों से बनेगा स्वच्छ और सुंदर सिवनी मालवा…..
नगर पालिका परिषद ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की संयुक्त सहभागिता से सिवनी मालवा को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर नगर के रूप में नई पहचान मिलेगी। स्वच्छता के प्रति जागरूकता और निरंतर प्रयासों के माध्यम से नगर को आदर्श स्वच्छ नगर बनाने की दिशा में कार्य लगातार जारी रहेगा।

