

सिवनी मालवा / सिवनी-मालवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने ग्राम बाईखेड़ी में निर्माणाधीन शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण होने की स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उच्च शिक्षा एवं आयुष चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि….
विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि निर्माणाधीन शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। महाविद्यालय के प्रारंभ होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे उच्च शिक्षा के नए द्वार खुलेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती……
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद महाविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र में आयुष चिकित्सा को बढ़ावा मिलेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और मजबूती प्राप्त होगी। इससे ग्रामीण अंचल के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर…..
निरीक्षण के दौरान विधायक वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य कर रही है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक भी बेहतर सुविधाएं पहुंच सकें।
जनहित और क्षेत्रीय विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध…..
विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि जनहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे सिवनी-मालवा विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके।

