नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान स्नातकोत्तर अग्रणी महाविद्यालय में स्नातक अंतिम वर्ष एवं स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की छात्राओं हेतु प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की जागरूकता कार्यशाला सम्पन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों को इस योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्रीमती कामिनी जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का उद्देश्य युवाओं को बड़े उद्योगों और कंपनियों में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। यह योजना विशेष रूप से 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए शुरू की गई है। इंटर्नशिप के दौरान लगभग 9,000 रूपये प्रति माह का स्टाइपेंड दिया जाता है। युवाओं को देश की शीर्ष 500 कंपनियों में काम सीखने का अवसर मिलेगा जिससे वास्तविक कार्य वातावरण का अनुभव प्राप्त होगा। युवाओं को उद्योग आधारित कौशल सीखने का मौका मिलेगा जिससे रोज़गार में अवसर प्राप्त होंगे। कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि के युवाओं को कॉर्पाेरेट क्षेत्र में अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय की ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. रागिनी सिकरवार ने बताया कि महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना की पात्रता, ऑनलाइन पंजीयन, आवश्यक दस्तावेज और पोर्टल के उपयोग की चरणबद्ध जानकारी दी गई। इस जागरूकता कैंप में महाविद्यालय की लगभग 500 छात्राओं ने अपनी सहभागिता दी।

