


नर्मदापुरम / जिले में “एक जिला एक उत्पाद” (ODOP) पहल के अंतर्गत मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित ग्रामीण पर्यटन परियोजना के अंतर्गत इंडियन ग्रामीण सर्विसेस (IGS) के सहयोग से सोहागपुर विकासखंड के ग्राम छेंडका स्थित होमस्टे में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का रात्रि प्रवास आयोजित किया गया।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस थोटा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हिमांशु जैन एवं वनमंडलाधिकारी गौरव शर्मा ने छेंडका होमस्टे में रात्रि विश्राम कर ग्रामीण पर्यटन गतिविधियों, स्थानीय संस्कृति तथा सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यटन मॉडल का अवलोकन किया। अधिकारियों ने होमस्टे संचालन, पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
तारों की दुनिया से लेकर ग्रामीण खेलों तक, अधिकारियों ने लिया अनूठा अनुभव……..
कलेक्टर ने ग्रामीण पर्यटन को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का किया आह्वान
कार्यक्रम के प्रथम दिवस शुक्रवार रात्रि को अधिकारियों ने टेलिस्कोप के माध्यम से चंद्रमा एवं अन्य खगोलीय पिंडों का अवलोकन किया। विशेषज्ञों द्वारा उन्हें खगोलीय घटनाओं, तारामंडल एवं ब्रह्मांड से जुड़ी रोचक जानकारियां प्रदान की गईं। अधिकारियों ने इस गतिविधि को ग्रामीण पर्यटन के लिए एक अभिनव आकर्षण बताते हुए इसकी सराहना की।
द्वितीय दिवस प्रातः अधिकारियों ने पारंपरिक ग्रामीण जीवनशैली का अनुभव प्राप्त करते हुए बैलगाड़ी की सवारी की तथा ग्रामीण खेल ‘गुल्ली-डंडा’ में सहभागिता की। इसके साथ ही स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी संस्कृति, परंपराओं एवं जीवनशैली को निकटता से जाना।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण पर्यटन केवल प्राकृतिक सौंदर्य और संस्कृति को बढ़ावा देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित करता है। उन्होंने नागरिकों से अपने गांवों की विशिष्ट पहचान, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों को पर्यटन से जोड़कर ग्रामीण पर्यटन को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। साथ ही पर्यटन स्थलों एवं प्राकृतिक क्षेत्रों को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर एसडीएम सोहागपुर सुश्री प्रियंका भल्लावी, जनपद पंचायत सीईओ सोहागपुर प्रवल, जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी सोहागपुर सामान्य सुमित कुमार पांडे, आईजीएस संस्था के महेश प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

