
सिवनी मालवा / नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा के लिए गर्व का विषय है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित मध्यप्रदेश वार्षिक पर्यावरण पुरस्कार वर्ष 2024-25 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद श्रेणी में सिवनी मालवा नगर पालिका का चयन पुरस्कार हेतु किया गया है। इस संबंध में मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भोपाल द्वारा नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा को आधिकारिक आमंत्रण पत्र जारी किया गया है। पत्र के अनुसार आगामी 5 जून 2026, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा को सम्मानित किया जाएगा।
भोपाल में होगा सम्मान समारोह….
मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह पुरस्कार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा चयनित निकायों को सम्मानित किए जाने का प्रस्ताव है। नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा के प्रतिनिधियों को समारोह में प्रातः 10 बजे उपस्थित रहने के लिए आमंत्रित किया गया है। पत्र में पुरस्कार राशि के ऑनलाइन हस्तांतरण हेतु बैंक खाते एवं अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया गया है।
स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मिली पहचान….
नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा द्वारा पिछले वर्षों में स्वच्छता, वृक्षारोपण, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता के क्षेत्र में किए गए कार्यों को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है। नगर क्षेत्र में हरित वातावरण के निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों की सहभागिता से संचालित विभिन्न अभियानों ने सिवनी मालवा को प्रदेश स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है।
नगर पालिका अध्यक्ष रितेश रिंकू जैन ने जताया हर्ष…….
नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा के अध्यक्ष रितेश रिंकू जैन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल नगर पालिका का नहीं बल्कि पूरे सिवनी मालवा नगर के नागरिकों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नगर पालिका की टीम, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों तथा नागरिकों ने मिलकर निरंतर कार्य किया है। इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम है कि सिवनी मालवा को राज्य स्तर पर पर्यावरण पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी नगर को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य जारी रहेगा।
नगरवासियों में खुशी का माहौल…….
नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा के राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार के लिए चयनित होने की जानकारी मिलते ही नगर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों में खुशी का माहौल है। इसे नगर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरणा प्रदान करेगी।

