
नर्मदापुरम / गुरुवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने विवेकानंद घाट का निरीक्षण कर हरिद्वार के प्रेम प्रकाश मंडल ट्रस्ट द्वारा विवेकानंद घाट के लिए किए जाने वाले उन्नयन कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि हरिद्वार के प्रेम प्रकाश मंडल (ट्रस्ट) द्वारा विवेकानंद घाट को गोद लेकर घाट पर उन्नयन कार्य किया जाएगा। समिति इस घाट पर विकास कार्य करवाएगी। जिनमें महिला श्रद्धालुओं को कपड़े बदलने के लिए चेजिंग रूम बनाए जाएंगे। रैंप सहित व्हीलचेयर की सुविधा, दीपक स्तंभ सहित फर्श पर भी कई सजावट संबंधी काम सम्मिलित होंगे। इस दौरान कलेक्टर में उन्नयन कार्य के लिए तैयार की गई कार्य योजना एवं नक्शे आदि का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने समिति सदस्यों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने घाट को दो हिस्सों में तैयार करने के निर्देश दिए। जिसमें एक हिस्सा स्नान आदि तथा दूसरा हिस्सा पूजन पाठ आदि के उद्देश्य से तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा की प्रथक प्रथक पूजन पाठ एवं स्नान व्यवस्था के कारण पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होती है। साथ ही स्नान करने वाले श्रद्धालुगण भी व्यवस्थित रूप से बनाए गए स्नान घाट पर स्नान कर सकते हैं। पूरे घाट पर स्नान व्यवस्था की वजह से पूजन करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण राहत कार्यों में कठिनाई आ सकती है। वहीं इस प्रथक व्यवस्था से घाट की सफाई भी प्रभावित नहीं होगी। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन द्वारा घाट के उन्नयन कार्य में समिति को यथासंभव पूरा सहयोग दिया जाएगा।
कलेक्टर श्री मिश्र को अपनी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए समिति सदस्यों ने बताया कि बारिश के बाद घाट के कायाकल्प का काम शुरू किया जाएगा। समिति सदस्यों द्वारा बताया गया कि समिति इससे पहले हरिद्वार के सनातन साक्षी घाट, अमरापुर घाट, प्रेम प्रकाश घाट, सवामी सर्वादंन घाट सहित उज्जैन के क्षिप्रा घाट और अन्य घाटों का कायाकल्प कर चुकी है। उन्होंने बताया की कायाकल्प के दौरान पानी में फाउंटेन भी स्थापित किया जाएगा। जिससे रात के समय सतरंगी रोशनी से पूरा घाट सराबोर हो जाएगा। इस बीच घाट पर पहुंचने वाले वाहनों पर भी रोक लगाई जाएगी। जिससे निर्माण कार्य सुगमता पूर्वक सुचारू रहें।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम जय सोलंकी, सीएमओ हेमेश्वरी पटले सहित ट्रस्ट से श्याम चावला, छजलानी प्रदीप सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

