
सिवनी मालवा / पूरे विश्व में माहवारी स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 28 मई को विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस मनाया जाता है। इसी उद्देश्य से उमंग स्वास्थ्य केंद्र, सिविल हास्पिटल के द्वारा माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता गतिवधियां आयोजित की गई। बीएमओ डॉ कांति बाथम के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 14 की आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 1 तथा उमंग स्वास्थ्य केंद्र में किशोरी बालिकाओं व महिलाओं से इस विषय पर चर्चा की गई। किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने माहवारी चक्र, स्वच्छता प्रबंधन, समाज में व्याप्त भ्रांतियां व अंधविश्वास पर चर्चा की। पोषण आहार व मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी।
लेडी हेल्थ विजिटर पूजा नागर ने कहा कि 28 मई 2024 को पहली बार अधिकारिक तौर पर विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस मनाया गया। पहले इस विषय पर बात करना एक बहुत बड़ा सामाजिक संकोच माना जाता था। इस संकोच को दूर करते हुए स्वस्थ और खुशहाल किशोरावस्था की नींव रखना है। इसलिए इस विषय पर शर्म ना करें बल्कि समझ बढ़ाएं और स्वस्थ रहें। ऐसे आयोजनों से माहवारी को लेकर समाज में फैली कुरीतियां, अंधविश्वास और झिझक को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान आंगनवाड़ी सुपरवाइजर चंद्रकला बिंदिया, वार्ड की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, एएनएम का सहयोग रहा।

