
सिवनी मालवा / आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा द्वारा शहर में विशेष सफाई अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। शहर के प्रमुख नालों और नालियों की जेसीबी मशीनों के माध्यम से व्यापक सफाई कराई जा रही है, ताकि बरसात के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। नगर परिषद द्वारा विभिन्न वार्डों में लगातार सफाई कार्य कराए जा रहे हैं तथा अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाना और नागरिकों को बारिश के समय होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है। नगर परिषद का यह अभियान स्वच्छता के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वार्ड क्रमांक 1 में चला विशेष सफाई अभियान……..
नगर पालिका द्वारा वार्ड क्रमांक 1 फाइल वार्ड क्षेत्र में विशेष रूप से जेसीबी मशीन चलवाकर बड़े नालों की गहराई से सफाई कराई गई। लंबे समय से जमा कचरा, झाड़ियां एवं गाद हटाकर पानी की निकासी को सुचारू बनाया गया। सफाई अभियान के दौरान स्वच्छता विभाग की टीम एवं नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे और पूरे कार्य की निगरानी की गई।
स्वच्छता विभाग ने किया निरीक्षण……..
स्वच्छता निरीक्षक डॉ. प्रशांत कुमार शर्मा ने बताया कि नगर परिषद द्वारा शहर के सभी प्रमुख नालों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्षा पूर्व यदि नालों की नियमित सफाई हो जाए तो जलभराव की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।
कलेक्टर के निर्देश पर चल रहा अभियान……..
मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उइके ने बताया कि कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार नगर पालिका क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से सफाई कार्य कराए जा रहे हैं तथा जहां आवश्यकता महसूस हो रही है वहां जेसीबी मशीनों की सहायता ली जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का प्रयास है कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और शहर स्वच्छ एवं सुरक्षित बना रहे।
स्वच्छ और सुरक्षित शहर बनाने का संकल्प……..
नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन ने कहा कि परिषद द्वारा स्वच्छ एवं सुंदर सिवनी मालवा के संकल्प को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्षा पूर्व सफाई अभियान नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। रिंकू जैन ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर सिवनी मालवा को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

