
इटारसी / साईं की बगिया क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 6 बजे 200 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर अचानक फेल हो गया। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर विद्युत विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर सुधार कार्य शुरू किया गया।
ट्रांसफार्मर भारी होने के कारण उसे हटाने और नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। करीब 7 से 8 कर्मचारियों की टीम ने लगातार मेहनत करते हुए रात 9 बजे तक खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया। इसके बाद क्षेत्र की विद्युत सप्लाई भी समय पर सुचारू रूप से चालू कर दी गई।
वर्तमान में भीषण गर्मी के चलते विद्युत उपकरणों और ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड बना हुआ है, ऐसे समय में विभाग की त्वरित कार्यवाही और कर्मचारियों की मेहनत से स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिली। क्षेत्रवासियों ने भी कर्मचारियों की तत्परता और जिम्मेदारी की सराहना की।

