
नर्मदापुरम / नगरपालिका का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट नर्मदा लोक कोरीडोर के प्रथम फेस का कार्य पर्यटन घाट से शुरू हो गया है। बुधवार को नपाध्यक्ष नीतू यादव ने स्वयं जाकर कार्य की प्रगति का अवलोकन किया गया। साथ ही निर्माण कार्य की बारीकी से जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी के अधिकारी कर्मचारी और नपा की उपयंत्री रीना गुप्ता उपस्थित रहीं।
कार्य का अवलोकन किया…..
उपयंत्री रीना गुप्ता ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देशन पर नर्मदा लोक कोरीडोर का कार्य चल रहा है। नपाध्यक्ष श्रीमती यादव द्वारा आज पर्यटन घाट पर बन रही पार्किंग व्यवस्था का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य को तेजगति से गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा में कंपलीट करने के निर्देश दिए गए हैं।
नाले को किया जा रहा चैनेलाइज……
कोरीघाट पर स्थित सभी नाले को चैनेलाइज किया जा रहा है। साथ ही निर्माण एजेंसी द्वारा एक और पंपिंग स्टेशन बनाया जा रहा है। जहां पर एसटीपी प्लांट लगाया जाएगा। जिसके माध्यम से नाले का पानी साफ किया जाएगा। इसके अलावा ओजोनाइजेशन के माध्यम से भी पानी का शुद्धिकरण होगा, जिससे गंदा पानी मां नर्मदा में सीधे नहीं मिलेगा।
घाट पर लगेंगे बेसाल्ट पत्थर……
उपयंत्री श्रीमती गुप्ता ने बताया कि पर्यटन घाट पर बेसाल्ट पत्थर से नक्काशी की जाएगी। जिससे पर्यटन का घाट नए लुक में दिखेगा। अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से पत्थरों पर डिजाइनिंग की जाएगी।
कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण किया जाए……..
नपाध्यक्ष नीतू यादव द्वारा बताया गया कि पर्यटन घाट पर चल रहे नर्मदा लोक कोरीडोर निर्माण नगरपालिका के महत्वाकांक्षी कार्यों में से एक है। प्रथम चरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। जिसमें पार्किंग व्यवस्था महत्वपूर्ण है। बुधवार को निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी को समय सीमा और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सावधानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

