
सिवनी मालवा / लोवंशी धर्मशाला स्थित श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर लोधेश्वर समिति के सहयोग से आयोजित अखंड रामायण पाठ का विधि-विधान एवं भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भगवान श्रीराम के जयकारों और भक्ति रस में सराबोर नजर आया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त किया और रामायण पाठ में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर दीपक दीक्षित भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम एवं भगवान महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। दीपक दीक्षित ने कहा कि पुरुषोत्तम मास सनातन धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण और पुण्य प्रदान करने वाला महीना माना गया है। इस दौरान किए गए जप, तप, दान, रामायण पाठ और धार्मिक कार्यों का कई गुना फल प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को अध्यात्म, संस्कार और एकता की भावना से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति, धर्म और सनातन परंपराओं से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संदेश भी देते हैं। दीपक दीक्षित ने आयोजन को सफल बनाने के लिए लोधेश्वर समिति, सहयोगकर्ताओं एवं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
इस पावन अवसर पर प्रेमशंकर वर्मा, देवी सिंह रघुवंशी, नितिन लोवंशी, महेश लोवंशी, जगदीश लोवंशी, दिनेश शिव शंकर निशानियां, विजय सिंह लोवंशी, दिनेश साध, गुलाब सिंह लोवंशी, राम सिंह लोवंशी, श्री राम लोवंशी, राकेश लोवंशी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित किया।

