
सिवनी मालवा / अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2026 के उपलक्ष्य में 25 दिवस पूर्व आयोजित किए जा रहे काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुर में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला आयुष अधिकारी डॉ. श्रीराम करोंजिया के निर्देश पर संपन्न हुआ, जिसमें आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कौशल (ए.एम.ओ.) द्वारा उपस्थित लोगों को योगाभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व, नियमित योगाभ्यास से होने वाले स्वास्थ्य लाभ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर निरोगी जीवन का संदेश दिया।
पूरे मध्यप्रदेश में एक साथ आयोजित हुआ काउंटडाउन कार्यक्रम….
बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत यह काउंटडाउन कार्यक्रम पूरे मध्यप्रदेश में एक साथ आयोजित किया गया। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम खजुराहो के पश्चिमी समूह मंदिर परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय आयुष मंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री, संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री, खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के सांसद, मध्यप्रदेश योग आयोग के अध्यक्ष, राजनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
योग को जीवन का हिस्सा बनाने का दिया संदेश…..
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुर में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. सुरेन्द्र कौशल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का माध्यम है। उन्होंने सभी से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में रामसिंह मुहाने, सुदीप दीवान, रविन्द्र यादव, रोशनी पटेल, शिवप्रसाद यदुवंशी, प्रियंका केवट, रोहित केवट, मीना लोट, रजत हरियाले, अभिषेक यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं निरोगी समाज के संकल्प के साथ हुआ।

