
सिवनी मालवा / पगढ़ाल क्षेत्र में गेहूं उपार्जन के दौरान किसानों को हो रही परेशानियों को देखते हुए विधायक प्रेम शंकर वर्मा के निर्देश पर डेठी एवं परसवाड़ा वेयरहाउस के स्थान पर बासनिया एवं बावड़िया भाऊ में नए उपार्जन केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले से लंबे समय से उपार्जन केंद्रों पर कतार में खड़ी किसानों की ट्रॉलियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में सोमवार को भारत वेयरहाउस बावड़िया भाऊ में विधिवत कांटा पूजन के साथ गेहूं तुलाई कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों और किसानों ने किया कांटा पूजन….
तुलाई प्रारंभ होने से पूर्व भारत वेयरहाउस परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर कांटा पूजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंडी अध्यक्ष एवं भाजपा नेता महेश गोयल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबलू उईके, विधायक प्रतिनिधि संतोष तंवर, भारत सिंह मुख्तयार, मस्तान सिंह साध, दिनेश चंदेल, शब्बर सिंह तंवर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
किसानों ने नए केंद्र प्रारंभ होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे उपार्जन प्रक्रिया तेज होगी और लंबे इंतजार से राहत मिलेगी।
भाजपा नेता महेश गोयल ने बताया किसानों को मिलेगा सीधा लाभ….
भाजपा नेता एवं पूर्व मंडी अध्यक्ष महेश गोयल ने बताया कि पगढ़ाल क्षेत्र में लंबे समय से गेहूं उपार्जन को लेकर किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। केंद्रों पर अत्यधिक दबाव होने के कारण ट्रॉलियां कई दिनों तक कतार में खड़ी रहती थीं।
उन्होंने कहा कि विधायक प्रेम शंकर वर्मा के निर्देश पर किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नए उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, जिससे तुलाई प्रक्रिया में तेजी आएगी और किसानों को समय पर राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है और उपार्जन व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का जताया आभार…..
नए उपार्जन केंद्र प्रारंभ होने पर क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। किसानों का कहना है कि अतिरिक्त केंद्र शुरू होने से अब ट्रॉलियों की लंबी कतारें कम होंगी और समय पर गेहूं की तुलाई संभव हो सकेगी।

