
सिवनी मालवा / पुरुषोत्तम मास के अवसर पर सात दिवसीय संगीतमय भागवत कथा का कलश यात्रा से शुभारंभ हुआ। पुरुषोत्तम अधिक मास में स्थानीय बलराम पटेल कॉलोनी में दिनांक 26.5.2026 से 1.6.2026 तक दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजन हो रहा है। कथा का शुभारंभ भव्य शोभा यात्रा से हुआ , शोभा यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर शीतला माता मंदिर बस स्टैंड के पास पूजन अर्चन कर महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर भक्ति मय भजनों की धुन पर सामूहिक नृत्य करते हुए वापस वापस कथा स्थल पहुंची । कथा स्थल पर नवग्रह पूजन के उपरांत दोपहर 3 बजे से भागवत कथा का शुभारंभ हुआ , पहले दिन भक्ति प्रसंग सुन भावविह्वल हुए श्रोता । कथा वाचक पंडित सतीश शर्मा ने पहले दिन भागवत कथा का महत्व बताते हुए कहा कि मृत्यु को जानने से मृत्यु का भय मन से मिट जाता है, जिस प्रकार परीक्षित ने भागवत कथा का श्रवण कर अभय को प्राप्त किया, वैसे ही भागवत जीव को अभय बना देती है। पंडित श्री शर्मा ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा परमात्मा का अक्षर स्वरूप है। यह परमहंसों की संहिता है, भागवत कथा हृदय को जागृत कर मुक्ति का मार्ग दिखाता है। अधिक मास में इसके श्रवण का महत्व है। भागवत कथा भगवान के प्रति अनुराग उत्पन्न करती है। यह ग्रंथ वेद, उपनिषद का सार रूपी फल है। यह कथा रूपी अमृत देवताओं को भी दुर्लभ है। मुख्य यजमान रामोतार राठौर ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा अमृतवाणी का लाभ लेने का आग्रह किया है।

