
सिवनी मालवा / मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत गंगा दशमी के पावन अवसर पर सिवनी मालवा स्थित WTP प्लांट (जल संयंत्र) में मां नर्मदा जल का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
इस अवसर पर पूरे जल संयंत्र परिसर की साफ-सफाई कर उसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने “जल ही जीवन है” का संदेश देते हुए जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
भिलड़िया घाट से मिलता है नगर को मां नर्मदा का पवित्र जल….
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि नगर सिवनी मालवा को मां नर्मदा का पवित्र जल भिलड़िया घाट से प्राप्त होता है। इस जल को WTP प्लांट में फिल्टर एवं रिफाइंड प्रक्रिया से शुद्ध कर नगरवासियों तक पहुंचाया जाता है, जिससे हजारों नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
“जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने एवं आने वाली पीढ़ियों को जल बचाने के प्रति जागरूक करना रहा।
नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन ने दिया जल संरक्षण का संदेश….
नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन ने कहा कि मां नर्मदा केवल एक नदी नहीं बल्कि हमारी आस्था और जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को जल बचाने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा चलाया जा रहा “जल गंगा संवर्धन अभियान” समाज में सकारात्मक जागरूकता लाने का कार्य कर रहा है तथा ऐसे कार्यक्रमों से लोगों में पर्यावरण और जल स्रोतों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है।
सीएमओ अमर सिंह उईके ने स्वच्छता और जल संरक्षण पर दिया जोर….
सीएमओ अमर सिंह उईके ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जल संयंत्र में आधुनिक प्रक्रिया के माध्यम से पानी को शुद्ध कर घर-घर पहुंचाया जाता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जल का अनावश्यक दुरुपयोग रोकें, जल स्रोतों को स्वच्छ रखें और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में सहयोग करें।
जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक रहे उपस्थित….
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन, सीएमओ अमर सिंह उईके, भाजपा नेता संतोष पारीक, पार्षदगण, पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, पत्रकार साथी, मातृशक्ति, कर्मचारीगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक गरिमामयी उपस्थिति में शामिल हुए।
कार्यक्रम का समापन जल संरक्षण एवं स्वच्छता के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

