
नर्मदापुरम / रीवा में जैन साध्वी की कथित रूप से कुचलकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में जैन समाज के सैकड़ों सदस्यों ने सोमवार को नर्मदापुरम में मौन आक्रोश रैली निकालकर जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री, गृहमंत्री भारत सरकार, मुख्यमंत्री, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया ।
रैली में शामिल समाजजनों ने हाथों में तख्तियां एवं बैनर लेकर घटना के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त किया। मौन रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची, जहां प्रतिनिधिमंडल एवं सकल जैन समाज द्वारा ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि संत-साध्वियों पर बढ़ते हमले समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले हैं। समाज के लोगों ने मांग की कि इस प्रकरण की SIT अथवा न्यायिक जांच कराई जावे।
दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए……
विहाररत साधु संतों की सुरक्षा हेतु”संत सुरक्षा प्रोटोकॉल” लागू किया जाए।
भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति बनाई जाए……
संतो के विरुद्ध अपराधों को विशेष संवेदनशील श्रेणी में रखा जाए…..
प्रशासन एवं समाज के बीच समन्वय तंत्र बने…..
मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान बड़ी संख्या में सकल दिगंबर जैन समाज,तारण तरण समाज, श्वेतांबर समाज के अनुयायी महिला, पुरुष एवं युवा उपस्थित रहे, रैली शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से निकाली गईं ।

