
सिवनी मालवा / मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था जन सेवा शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्था एवं मां रेवापुर युवा शक्ति संगठन समिति के संयुक्त तत्वाधान में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मां रेवापुर (बाबरी)में विशाल गंगा कलश यात्रा एवं मां नर्मदा पूजन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवाओं एवं ग्रामीणजनों ने सहभागिता कर जल संरक्षण एवं नर्मदा स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः हनुमान मंदिर, मां रेवापुर बाबरी से कलश यात्रा के साथ हुआ। यात्रा में कन्याएं एवं महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों एवं जयघोष के साथ शामिल हुईं। यात्रा राधा कृष्ण मंदिर एवं शिव शंकर मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं द्वारा शिवलिंग पूजन एवं जलाभिषेक किया गया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालु मां नर्मदा तट रेवापुर (बाबरी) घाट पहुंचे, जहां मां नर्मदा पूजन एवं भव्य महाआरती संपन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान नर्मदा तट पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। उपस्थित जनसमूह ने नर्मदा नदी को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं नर्मदा संवर्धन हेतु जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में महाप्रसादी वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही। विकासखंड समन्वयक हरिदास दायमा ने श्रद्धालुओं को गंगा दशहरा के पावन महत्व को समझाया। नवांकुर संस्था के अध्यक्ष गुलशन कुमार कावड़े ने कहा कि जल संरक्षण एवं नदियों की स्वच्छता केवल शासन की नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार के आयोजन समाज में पर्यावरण एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आयोजन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बाबरी से राजेन्द्र यदुवंशी, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कहारिया से अमर गार्गव, नगर विकास प्रस्फुटन समिति 02 से अध्यक्ष राहुल बाथव एवं सचिव दीपक यादव एवं ग्रामीणजन व समाजसेवी श्रद्धालु उपस्थित रहे।

