
सिवनी मालवा / रीवा में जैन साध्वी आर्यिका माताजी के साथ हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के विरोध में बानापुरा एवं सिवनी मालवा के सकल जैन समाज द्वारा विशाल रैली निकालकर साधु-संतों की सुरक्षा की मांग उठाई गई। समाजजनों ने नगर में रैली निकालते हुए तहसील कार्यालय पहुंचकर जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा और जैन संतों की सुरक्षा हेतु ठोस व्यवस्था किए जाने की मांग की।
रैली में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और “साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करो” जैसे नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन भी उपस्थित रहे।
रीवा की घटना से जैन समाज में आक्रोश…..
ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश के रीवा में हाल ही में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की परमशिष्या आर्यिका श्री श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका उपशममति माताजी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हादसा जिला कलेक्ट्रेट के सामने हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों आर्यिका माताजी का निधन हो गया, जिससे देशभर के जैन समाज में शोक और आक्रोश व्याप्त है।
समाजजनों ने कहा कि साधु-संत पैदल विहार करते हैं और ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन की विशेष जिम्मेदारी बनती है। लगातार हो रही घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और संत समाज की सुरक्षा के लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है।
संतों की सुरक्षा के लिए उठाई ठोस मांग…….
सकल जैन समाज ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की कि जैन साधु-संतों के विहार मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, संवेदनशील मार्गों पर यातायात नियंत्रण किया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
समाज के लोगों ने कहा कि संत समाज अहिंसा, संयम और धर्म का संदेश देता है। ऐसे में उनके साथ होने वाली घटनाएं पूरे समाज की भावनाओं को आहत करती हैं।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित……
रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में बानापुरा-सिवनी मालवा सकल जैन समाज के पदाधिकारी, युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समाजजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आर्यिका माताजी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

