

नर्मदापुरम / माँ नर्मदा की पुण्यधारा के पावन तट पर स्थित नर्मदापुरम के पहाड़िया के पास एक निजी गार्डन में रविवार प्रातः 11 बजे आयोजित ऑल इंडिया माली सैनी सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्रीबाई फुले के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं समाज गौरव, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज को माता सावित्रीबाई फुले द्वारा प्रदर्शित शिक्षा, सामाजिक जागरण एवं समानता के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं की उच्च शिक्षा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यही समाज में नई चेतना का आधार बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदत्त दायित्व का वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में कार्य करने का सतत प्रयास करेंगे।
राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने समाज को संबोधित करते हुए सामाजिक एकता एवं संगठनात्मक सशक्तिकरण पर बल दिया। वहीं तैराकी संघ के अध्यक्ष ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा यह सैनी समाज संगठित समाज के साथ साथ शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति को ओर बढ़ रहा है साथ ही जल्द ही सामाजिक समरसता एवं शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा वृद्धजन पार्क में स्थापित किए जाने की बात कही।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सैनी ने घोषणा की कि महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती वर्ष के अवसर पर फुले दम्पत्ति को भारत रत्न प्रदान किए जाने की मांग को लेकर देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान संचालित किया जाएगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व अपर कलेक्टर जी.पी. माली ने अपने उद्बोधन में कहा कि—
“माली–सैनी समाज की सत्ता में भागीदारी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि सत्ता ही वह कुंजी है, जिससे विकास एवं अधिकारों के सभी ताले खोले जा सकते हैं।”
उनके इस विचार का उपस्थित जनसमुदाय ने जोरदार समर्थन किया।
प्रदेश अध्यक्ष अजय सैनी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया, जबकि राष्ट्रीय महासचिव विनय सैनी ने आगामी वर्ष की संगठनात्मक कार्ययोजना पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यनारायण आज़ाद ने समाज के प्रत्येक घर में महात्मा फुले एवं माता सावित्रीबाई फुले के चित्र स्थापित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश चौहान को राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किए जाने पर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव मोहन पटेल, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेश सुमन, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कल्पना सैनी सहित अनेक पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेश सुमन ने बताया कि इस राष्ट्रीय बैठक में मध्यप्रदेश सहित उत्तरप्रदेश, बिहार, गुजरात, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हरियाणा, नई दिल्ली, हिमाचल प्रदेश एवं राजस्थान से आए प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर संगठनात्मक एकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन बृजमोहन सैनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर पार्षद श्रीमती लीला बसंत सैनी, डॉ. तेजपाल सैनी, विनोद माली, चारुलेख बाडोलिया, लक्ष्मी सैनी, पी.सी. हरोड़े, के.पी. सैनी, अवध सैनी, जतिन सैनी, सुनील टक (इंदौर), मोहन सैनी, गोविंदा सैनी, राजेश सैनी, रामकुमार सैनी, पप्पू सैनी, राजू सैनी, गुल्लन सैनी, मनीष सैनी, देवेंद्र सैनी, अनिल सैनी, कपिल सैनी, बंटी सैनी, गोलू सैनी एवं मीडिया प्रभारी अंकित सैनी सहित अनेक सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अधिवेशन एवं कार्यकारिणी बैठक ने समाज में संगठन, शिक्षा, सामाजिक चेतना एवं राजनीतिक सहभागिता के नए संकल्पों को सशक्त स्वर प्रदान करते हुए सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी संदेश दिया कार्यक्रम का आभार संयुक्त माली सैनी समाज के अध्यक्ष गोविंदा सैनी ने किया।

