

इटारसी / शहर में लगातार गंदे एवं अनियमित पेयजल की समस्या को लेकर नागरिकों ने अब संगठित रूप से आवाज उठानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर “साफ पानी दो या टैक्स लेना बंद करो” अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत लोगों के घरों पर जागरूकता स्टिकर लगाए गए।
इस अभियान का नेतृत्व अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य द्वारा किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और प्रशासन तक जनता की आवाज पहुँचाना है।
अभियान के दौरान सिद्धार्थ महेश आर्य ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का अभियान नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और आम नागरिकों के अधिकारों का मुद्दा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा —
गंदा पानी किसी से यह पूछकर नहीं आ रहा कि वह किस पार्टी से जुड़ा है। यह समस्या हर घर की है, हर परिवार की है। इसलिए अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर एकजुट हों और अपने बच्चों, परिवार और शहर के स्वास्थ्य के लिए आवाज उठाएँ।
मैं स्वयं किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं हूँ। मैंने इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा सहित विभिन्न लोगों से बात की है, क्योंकि यह राजनीति का नहीं बल्कि जनता के स्वास्थ्य और अधिकार का विषय है। अगर पानी साफ नहीं मिल रहा और नियमित जल सप्लाई नहीं हो रही, तो जनता सवाल जरूर पूछेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान विरोध के लिए नहीं, बल्कि समाधान के लिए शुरू किया गया है और प्रशासन को जनता की समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए।
अभियान में शामिल नागरिकों ने भी कहा कि अब लोग जागरूक हो रहे हैं और शहर में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की मांग को लेकर एकजुटता बढ़ रही है।

