
शिवनी मालवा / “सबसे पहले सबसे दूर जनभागीदारी अभियान” के अंतर्गत सिवनी मालवा विकासखंड के सभी 21 ग्रामों में 21 मई 2026 से 23 मई 2026 तक विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों की समस्याओं को गांव स्तर पर सुनकर उनका त्वरित निराकरण करना रहा। नोडल अधिकारी सुब्रत शर्मा जनजातीय कार्य विभाग ने जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में राजस्व, पेयजल, बिजली, सड़क, पेंशन, राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया गया। अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि शेष समस्याओं का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। ग्रामीणों ने गांव स्तर पर आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर समस्याएं सुनना एवं उनका तत्काल निराकरण करना सराहनीय पहल है। “सबसे पहले सबसे दूर जनभागीदारी अभियान” के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

