
सिवनी मालवा / शिवपुर निवासी कांग्रेस आईटी सेल के विधानसभा अध्यक्ष दुर्गेश बैरागी के साथ मारपीट और पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कांग्रेस पार्टी ने तहसीलदार नितिन झोड के माध्यम से गृहमंत्री मध्य प्रदेश को शनिवार दोपहर को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में बताया गया कि दुर्गेश बैरागी ने मेले की अवस्थाओं को लेकर शिकायत की थी और शिवपुर बस स्टैंड क्षेत्र में कथित रूप से गांजा बिकने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। आरोप है कि इस पोस्ट के बाद 21 मई की रात शिवेंद्र, सुमित , रोहित, दुर्गेश व करण सहित 20-25 लोग बैरागी के घर पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनकी माता के साथ मारपीट की और धमकी दी कि शिकायत की तो जान से मार देंगे।
कांग्रेस का आरोप है कि घटना के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस ने कई आरोपियों के नाम FIR में दर्ज नहीं की गई, अगले दिन दोपहर को उनकी दुकान पर पहुंचे और फिर मारपीट की।
आरोपियों ने कहा कि “पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती”…..
ज्ञापन के अनुसार जब बैरागी दोबारा FIR दर्ज कराने थाने पहुंचे तो पुलिस ने मना कर दिया। शिवपुर पुलिस पर आरोप है कि उन्होंने धमकाते हुए कहा, “अगर बार-बार FIR करेगा तो धारा 326 का मामला दर्ज कर दूंगा, 4 महीने जमानत नहीं होगी।”
कांग्रेस नेताओं का यह भी आरोप है कि जब फरियादी थाने में था, उसी दौरान आरोपी फिर घर पहुंचे और उसके भाई व पत्नी से मारपीट की। बाद में पुलिसकर्मियों ने परिवार को गांव छोड़ने को कहा और थाना मोबाइल से ग्राम नाहरकोला छोड़ दिया। ज्ञापन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
कांग्रेस पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और पुतला दहन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन देते समय बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे। उन्होंने तहसीलदार से चर्चा भी की तहसीलदार ने कहा निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

