

सिवनी मालवा / नर्मदापुरम, हरदा मुख्य मार्ग पर नेशनल हाईवे पर स्थित भीलटदेव लुगची नदी के पुल पर बना बड़ा गड्ढा एवं पाइपलाइन के बाजू से सरकती मिट्टी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रही है। लेकिन प्रशासन के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।स्थानीय नागरिक दीपक के अनुसार पुल के एक हिस्से में सड़क बुरी तरह धंस गई है और पाइपलाइन के साथ लगी मिट्टी लगातार खिसक रही है। हाईवे होने के कारण यहां दिन-रात ट्रक, ट्रैक्टर, कार और मोटर साइकिल का भारी दबाव रहता है। जिससे कभी भी कोई भी चालक दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों किसान अपनी उपज मंडी ले जाते हैं। ट्रक चालकों का कहना है कि रात के समय गड्ढा दिखाई नहीं देता और सरकती मिट्टी पर वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है। राहगीरों ने बताया कि कई बार दोपहिया वाहन चालक बाल-बाल बचे हैं। निकलने वाले वाहन चालकों ने मांग की है कि समय रहते इस जगह की मरम्मत कराई जाए और तत्काल बैरिकेडिंग कर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो यहां कभी भी जनहानि हो सकती है। मोनू का कहना है कि मानसून के बाद मिट्टी और तेजी से सरक रही है। अधिकारियों के द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा और बड़ी घटना दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है।

