
नर्मदापुरम / प्रति गुरूवार को होने वाली जनसुनवाई के तहत आज सुबह 11 बजे से लेकर 1.30 बजे तक नपा में मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले द्वारा जनसुनवाई की गई। नागरिकों की छोटी छोटी रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान किया गया। इस दौरान पीएम आवास योजना की लिस्ट में नाम जोड़ने, किश्त जारी करने, समग्र आइडी सुधरवाने, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, नाली निर्माण संबंधी, अतिक्रमण हटाने जैसी समस्याएं आई अधिकांश आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। साथ ही जांच योग्य आवेदनों को संबंधित शाखा को भेज दिया गया। इस दौरान जन्म मृत्यु शाखा के कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही बरतने पर सीएमओ द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई। नीतेश खंडेलवाल द्वारा ग्वालटोली में अतिक्रमण शिकायत कर शीघ्र हटाने की मांग की गई।
कार्यालय अधीक्षक योगेश सोनी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के मार्गदर्शन में जनकल्याण हेतु नपा में जनसुनवाई की शुरूआत की है। जिसके सुखद परिणाम भी सामने आ रहे हैं। लोगों को तत्काल समाधान मिल रहा है।
जन्म-मृत्यु शाखा के कर्मचारियों को दिया नोटिस…….
जन्म-मृत्यु शाखा के चार कर्मचारियों द्वारा लापरवाहीपूर्वक कार्य करने पर तत्काल प्रभाव से सीएमओ श्रीमती पटले द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए । जिसमें पूजा दोहरे, ललित दोहरे, धर्मेंद्र टांक शामिल हैं तथा आउट सोर्स कर्मचारी नीलम कहार की सेवाएं समाप्त की गई। उन्होंने हिदायत दी कि जनसुनवाई में आने वाले आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर आवेदक को राहत प्रदान करें।
पार्षदगणों ने माना आभार……
विगत जनसुनवाई में पार्षदगणों द्वारा अपने वार्ड की समस्या बताई थी जिस पर नपाध्यक्ष श्रीमती यादव एवं सीएमओ श्रीमती पटले द्वारा संबंधित शाखा से जांच उपरांत समाधान कराया गया। वार्ड 31 के पार्षद नरेंद्र पटले ने आभार मानते हुए कहा कि हमारे वार्ड के एक मोहल्ले में पेयजल संबंधी बड़ी समस्या थी। पाइप लाइन आधी अधूरी बिछाई गई थी। उसके संबंध में आवेदन दिया था। जिसका समाधान हो गया है नई पाइप बिछ गई है । साथ ही नई सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर आभार व्यक्त किया गया। इसी तरह वार्ड 25 के पार्षद दुर्गेश चौधरी के वार्ड में स्थित पिंक एवेन्यू कालोनी के मुख्यद्वार पर तीन लाइट लगाने की मांग की गई थी जिसका भी समाधान हो गया। लाइट लग गई हैं।
ये रहे मौजूद…….
आज की जनसुनवाई में उपयंत्री दीक्षा तिवारी, आयुषी रिछारिया, रीना गुप्ता, कार्यालय अधीक्षक योगेश सोनी, पूर्व नपा उपाध्यक्ष अशोक कुशराम, पार्षदगण संतोष उपाध्याय, दुर्गेश चौधरी, नरेंद्र पटेल, वंदना चुटीले, एल्डरमेन संतोष मीना, बिंदिया मांझी, पार्षद प्रतिनिधि अर्पित मालवीय सहित बड़ी संख्या में आवेदकगण उपस्थित थे।

