

सिवनी मालवा / विकासखंड की 21 ग्राम पंचायतों में संचालित आदि सेवा केंद्रों पर “जनभागी-जनभागीदारी अभियान : सबसे पहले, सबसे दूर” के तहत पौधारोपण कार्यक्रम एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आमजन को स्वास्थ्य सुविधाओं से लाभान्वित करना रहा।
कार्यक्रम एसडीएम विजय राय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। चिकित्सा शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया, वहीं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। नोडल अधिकारी सुब्रश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि “जनभागी-जनभागीदारी अभियान, सबसे पहले, सबसे दूर” के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनसहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग की टीम आदि सेवा केंद्र के कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

