
सिवनी मालवा / भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच दीपक दीक्षित ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए सूखते और मुरझाते पेड़-पौधों को पानी देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया। तपती धूप और पानी की कमी के कारण आसपास लगे कई पेड़-पौधे मुरझाने लगे थे। यह स्थिति देखकर दीपक दीक्षित ने खेत की मोटर से पाइप जोड़कर पानी पेड़-पौधों तक पहुंचाया। इसके बाद उनके साथियों ने बाल्टियों के माध्यम से पौधों में पानी डालकर उन्हें संरक्षित करने का कार्य किया।
इसी वक्त वहां से गुजर रहे वरिष्ठ पत्रकार के. के. यदुवंशी, नंदकिशोर व्यास ने भी इस पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सहयोग करते हुए पेड़ पौधों में पानी दिया।
दीपक दीक्षित की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी के दौर में पेड़-पौधों को बचाने के लिए किया गया यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है।
दीपक दीक्षित ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम का सबसे बड़ा कारण लगातार हो रही पेड़ों की कटाई है। यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में स्थिति और अधिक चिंताजनक हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के साथ-साथ लगाए गए पेड़-पौधों की नियमित देखभाल भी करनी चाहिए।
इस दौरान सुब्रत शर्मा, राजेश कपूर, नैतिक शर्मा, सांई शर्मा, आरुष शर्मा, रूद्र शर्मा, नवनीत पाल, देवांश दीक्षित, श्रेया दीक्षित, प्रीशा ख़ैरनार, वीर सिंह उईके सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

