
नर्मदापुरम / जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवाकांत पांडे ने जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए जिला पुलिस कप्तान साईं कृष्णा को निवेदन सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि पुलिस अपराधियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे तथा यह भी जांच करे कि इन अपराधियों को किन लोगों का संरक्षण प्राप्त है। श्री पांडे ने कहा कि पिपरिया में हाल ही में हुई घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। जिस प्रकार अपराधियों द्वारा व्यापारियों पर पिस्टल से फायर कर लाखों रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है, उससे पूरे व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस प्रशासन को अपराध रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विगत दिनों उन्होंने पिपरिया क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री का मुद्दा उठाया था और वर्तमान घटनाएं प्रशासन की लापरवाही का परिणाम प्रतीत होती हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत कर अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।

