
सिवनी मालवा / नगर में आवारा मवेशी के बढ़ते आतंक को लेकर कांग्रेस नेता एवं पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमर सिंह उईके को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि नगर में आवारा मवेशी के कारण आम नागरिकों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन सांड लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे बच्चों एवं महिलाओं में भय का वातावरण बना हुआ है। कई बार आवारा सांड आपस में लड़ते हुए नालियों एवं नालों में गिर जाते हैं, जिन्हें बाहर निकालने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से लगे इलाकों में किसानों की फसलें भी इन आवारा सांडों के कारण चौपट हो रही हैं। कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित ने कहा कि जनता की सुरक्षा और किसानों की समस्या को देखते हुए आवारा मवेशी को जल्द से जल्द शहर से बाहर गौशालाओं में पहुंचाना बेहद जरूरी है।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमर सिंह उईके ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संबंधित कर्मचारियों को निर्देश जारी किए तथा आवारा नंदी सांडों को भादूगांव गौशाला में छुड़वाने की कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए।
दीपक दीक्षित ने सी एम ओ अमर सिंह उईके का त्वरित कार्यवाही के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सीएमओ अमर सिंह उईके जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनते हैं और उनका त्वरित निराकरण करने का प्रयास करते हैं। नगर हित के कार्यों में उनकी सक्रियता सराहनीय है।”
नगरवासियों ने भी सीएमओ की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि “आज के समय में ऐसे अधिकारी बहुत कम देखने को मिलते हैं, जो जनता की समस्या सुनते ही तत्काल कार्रवाई करें। सीएमओ अमर सिंह उईके ने साबित कर दिया कि यदि प्रशासन इच्छाशक्ति के साथ काम करे तो समस्याओं का समाधान तुरंत संभव है।”
सीएमओ की त्वरित कार्रवाई से नगरवासियों में हर्ष का माहौल है तथा लोगों ने उम्मीद जताई है कि नगर में आवारा पशुओं की समस्या से जल्द राहत मिलेगी।

