
नर्मदापुरम / नगर के वार्ड नं 26 में इन दिनों दैनिक जलप्रदाय की व्यवस्था में घोर लापरवाही उजागर हुई है। वार्ड नं 26 के रहवासियों द्वारा बताया गया कि वार्ड में तैनात नगर पालिका के पम्प ऑपरेटरों द्वारा व्यक्तिगत लाभ लेने हेतु वार्ड में कई जगह अवैध नल कनेक्शन करवाए हैं। जिसकी सूचना स्थानीय लोगों द्वारा वार्ड के जलप्रदाय शाखा प्रभारियों को दी गई थी। किन्तु उनके द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिसके फलस्वरूप लोगों के घरों में नलों से गंदा पानी आ रहा है। वहीं लोड बढ़ने के कारण वार्ड के एकमात्र पम्प हाउस की मोटर बार बार खराब हो रही है। थोड़े समय के लिए नल आते तो हैं पर नलों में गंदा पानी आ रहा है। जिससे वार्ड में गंभीर जल संकट का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि वार्ड के रहवासियों द्वारा इसकी शिकायत नगर पालिका सहित सीएम हेल्पलाइन में भी की गई थी। किन्तु नगर पालिका के जलप्रदाय शाखा प्रभारी द्वारा शिकायतों को दबाव बनाकर बन्द करवा दिया जाता है। यहां के स्थानीय रहवासियों द्वारा समस्या का समाधान न होने पर नगर पालिका में मटके फोड़कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

