
सिवनी मालवा / प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा लगातार दिए जा रहे ईंधन संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग के संदेश को सिवनी मालवा के अधिकारियों ने व्यवहारिक रूप देकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया। शुक्रवार सुबह सिवनी मालवा के एसडीएम विजय राय, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार एक ही फोर व्हीलर वाहन से नर्मदापुरम में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
आमतौर पर प्रशासनिक अधिकारी अलग-अलग सरकारी या निजी वाहनों से मुख्यालय अथवा बैठकों में पहुंचते हैं, जिससे ईंधन की खपत बढ़ने के साथ-साथ सरकारी खर्च भी अधिक होता है। लेकिन इस बार अधिकारियों ने सामूहिक यात्रा कर ईंधन बचत का संदेश दिया।
छोटी पहल से बड़ा संदेश देने की कोशिश……..
एसडीएम विजय राय ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार लगातार पेट्रोल-डीजल की बचत और ईंधन संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने सामूहिक रूप से एक ही वाहन से यात्रा करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि यदि सभी विभाग और अधिकारी आवश्यकता अनुसार साझा वाहनों का उपयोग करें तो बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल की बचत संभव हो सकती है। इससे न केवल सरकारी खर्च कम होगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
प्रशासनिक पहल बनी चर्चा का विषय………
अधिकारियों की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों ने इसे एक सकारात्मक और प्रेरणादायी कदम बताते हुए कहा कि यदि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास नियमित रूप से किए जाएं तो ईंधन संरक्षण के साथ-साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
यह पहल केवल पेट्रोल बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जिम्मेदार नागरिक व्यवहार और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश भी देती है।

