
नर्मदापुरम / जनसुनवाई के माध्यम से जहां नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है वहीं नपा के अधिकारी कर्मचारी भी सक्रिय हो जाते हैं। आज नगरपालिका में मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले द्वारा जनसुनवाई की गई। जिसमें नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया। साथ ही सभी शाखाओं को सख्त निर्देश दिए गए कि जनसुनवाई में आने वाले आवेदनों पर समयसीमा में कार्रवाई की जाए। कार्यालय अधीक्षक योगेश सोनी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर प्रति गुरूवार को नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने जनसुनवाई की शुरूआत की गई है। गुरूवार को जनसुनवाई में पीएम आवास योजना के तहत सूची में नाम जुड़वाने के आवेदन आए। जिस पर सीएमओ श्रीमती पटले द्वारा संबंधित शाखा को सर्वे कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा नाली निर्माण, स्वच्छता, पेयजल संबंधी आवेदन आए थे। सीएमओ श्रीमती पटले ने सुनवाई करते हुए अधिकांश समस्याओं का तत्काल निराकरण कराया। नपाध्यक्ष श्रीमती यादव ने बताया कि लोक कल्याण हेतु नपा में प्रति गुरूवार को जनसुनवाई की शुरूआत की गई है। नागरिकों में जागरूकता आ रही है और लोग अपनी समस्याओं का समाधान कराने जनसुनवाई में पहुंच रहे हैं। नपा के अधिकारी कर्मचारी को जनसुनवाई में आने वाले आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

