

नर्मदापुरम / गुलमर्ग / आवासन और शहरी कार्य संबंधी भारत सरकार की संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे के अंतर्गत, मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने जम्मू-कश्मीर के सुरम्य पर्यटन स्थल गुलमर्ग में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता की। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण शहरी विकास को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा संपन्न हुई। बैठक के दौरान केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे अमृत 2.0 (AMRUT 2.0), स्वच्छ भारत मिशन-शहरी और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। चर्चा का एक मुख्य केंद्र स्थानीय निकायों का सुदृढ़ीकरण भी रहा, जिसमें बारामूला नगर परिषद और श्रीनगर नगर निगम की कार्यक्षमता, प्रभावी बजट प्रबंधन और राजस्व वृद्धि की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
सांसद श्रीमती नारोलिया ने बताया कि क्षेत्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार हेतु पीएम ई-बस सेवा और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के माध्यम से शहरी सेवाओं को डिजिटल और सुलभ बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, HUDCO, NBCC और CPWD जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति का भी समीक्षात्मक आकलन किया गया।
इस महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक में संसदीय समिति के अध्यक्ष श्री मगूंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी, जम्मू-कश्मीर की आवासन एवं शहरी मामलों की आयुक्त व सचिव श्रीमती मनदीप कौर, प्रदेश के कृषि मंत्री जाविद अहमद डार, गुलमर्ग विधायक फारूक अहमद शाह सहित समिति के अन्य सदस्य सांसदगण और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मूल उद्देश्य जम्मू-कश्मीर के शहरी क्षेत्रों को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित कर जन-कल्याण के लक्ष्यों को प्राप्त करना रहा।

