
नर्मदापुरम / गेहूं उपार्जन कार्य में अव्यवस्थाओं और अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। 11 मई को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा उपार्जन कार्य की समीक्षा के दौरान कई समितियों में गंभीर लापरवाही सामने आई। निर्देशों के बावजूद केंद्रों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लगी रहीं, तौल कार्य में देरी हुई तथा हम्माली जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं भी नहीं की गईं। इसके बाद उप आयुक्त सहकारिता ने 12 पैक्स समितियों-डोलरिया, खपरिया, बिसौनीकलां, नानपा, पगढाल, सोमलवाड़ा, बागलखेड़ी, ऑखमऊ, कोठरा, रमपुरा, तरोनकला और बनखेड़ी को भविष्य में खरीदी कार्य से अपात्र किए जाने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं.समितियों से तीन दिन में जवाब मांगा गया है। वहीं, उपार्जन कार्य में लापरवाही के चलते बी-पैक्स सेमरीखुर्द के सहायक प्रबंधक सुरेश कुमार चौरे, खपरिया के खरीदी प्रभारी सुनील कुमार वर्मा तथा बिसौनीकलां के खरीदी प्रभारी प्रद्युम्न कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही तीन अन्य प्रबंधकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

