
सिवनी मलवा / नेशनल पिट्टू चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश-प्रदेश का नाम रोशन करने वाले बघवाड़ा के बेटे ख्वाब लोवंशी का आज गांव में भव्य स्वागत किया गया। बघवाड़ा के समाजसेवी राधावल्लभ साध के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में श्री दयालु मंडल के युवाओं एवं ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पमाला के साथ ख्वाब का अभिनंदन किया। ग्राम का युवा ख्वाब लोवंशी खुद भी राम स्नेही संप्रदाय के श्री दयालु मंडल का सदस्य है। जिनका स्वागत सम्मान मंडल के सदस्यों के द्वारा किया गया। गौरतलब है कि पिट्टू फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 3 से 6 मई तक आयोजित तीसरी जूनियर नेशनल पिट्टू चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए ख्वाब लोवंशी ने गोल्ड मेडल जीता था। संसाधनों के अभाव में खेतों और कच्चे मैदानों पर अभ्यास करने वाले ख्वाब ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। सम्मान समारोह में राधावल्लभ साध ने कहा, “मिट्टी के लाल ख्वाब ने साबित कर दिया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। ख्वाब ने न सिर्फ बघवाड़ा, बल्कि पूरे नर्मदापुरम का नाम देशभर में रोशन किया है। ऐसे होनहार खिलाड़ी हमारे युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।” उन्होंने ख्वाब को शॉल-श्रीफल भेंट कर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर ख्वाब के पिता राजेन्द्र लोवंशी और माता ज्योति लोवंशी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में राधावल्लभ साध, अखिलेश साध दीपेश साध सत्यम अनिकेत ऋषि अनीश कुलदीप आदर्श साथ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने ख्वाब को बधाई देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।

