

नर्मदापुरम / शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में नहर की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई हो रही है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में नहर की जमीनों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। किसानों द्वारा शिकायत की गई थी कि उन्हें निकलने का रास्ता नहीं है और पानी मिलने में भी दिक्कत होती है। शहर में रविवार को पंखी तिराहा स्थित अग्रवाल इंपीरिया ने नहर की जमीन पर कब्जा किया था। जिसे हटाने की कार्रवाई की गई और किसानों के लिए रास्ता खुलवाया गया। यहां पर पानी के चेंबर सहित अन्य अतिक्रमण हटाया गया। जेसीबी के माध्यम से यह कार्रवाई हुई। इसके साथ ही एसपीएम स्थित रामानंद सागर मैरिज गार्डन में भी नहर की जमीन पर एक पुलिया बना दी गई थी, जिसे जेसीबी की मदद से तोड़ा गया। इस पूरी कार्यवाही में तहसीलदार सरिता मालवीय, नहर के एसडीओ प्रमोद जाटव सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। तहसीलदार सरिता मालवीय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। किसानों ने नहर की जमीन पर कब्जा और उन्हें रास्ता नहीं मिलने की शिकायत की थी जिस पर अग्रवाल इंपीरिया और रामानंद मैरिज गार्डन पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। किसानों को रास्ता दिलाया और ट्रैक्टर निकालने की जगह बनाई गई। नहर की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया। सरिता मालवीय ने बताया कि रविवार को यह कार्यवाही हुई और जेसीबी से पुलिया को तोड़ा गया और रास्ता निकाला गया। कुछ हिस्सा स्वयं मैरिज गार्डन संचालकों ने हटाने के लिए कहा गया।
अग्रवाल इंपीरिया की पहले भी हो चुकी शिकायत…..
पंखी तिराहा स्थित अग्रवाल इंपीरिया कॉलोनाइजर की इसके पहले भी शिकायत हो चुकी है। यहां पर नहर की जमीन पर कब्जा करने की शिकायत हुई थी । इसके साथ ही पानी निकासी नहीं होने और रास्ता को लेकर भी यहां पर कंप्लेन की गई थी। इन जगहों पर बड़ी कार्यवाही हो तो अतिक्रमण की हुई और भी जगह मुक्ति की जा सकती है। गौरतलब है कि हरदा बाईपास पर अनेक अवैध कॉलोनी बन रही है, प्लाट काट दिए गए हैं। कॉलोनी की देखभाल नहीं की जाती। बिल्डर आनाकानी करते हैं इससे यहां के रहवासी परेशान हैं।
बिल्डर्स द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण की हो जांच….
बिल्डर द्वारा अवैध अतिक्रमण की जांच होना चाहिए जिससे सरकारी जमीन मुक्त की जा सके ।कॉलोनाइजर कई जगह कब्जा कर लेते हैं और ऐसी जमीनों पर कॉलोनी खड़ी कर देते हैं लोग इसकी शिकायत करते हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होती। जनसुनवाई सहित अनेक माध्यम से लोग कलेक्टर तक पहुंच रहे हैं जिससे अब कार्यवाही हो रही है । नहर की जमीन और किसानों को खेतों में जाने के लिए जगह नहीं मिलने के कारण शिकायत हुई और आप अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
इनका कहना है…..
कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्यवाही की गई है। नहर की जमीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। किसानों को पानी नहीं मिलने और रास्ते से निकलने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। इसकी शिकायत की गई थी, इसके चलते रविवार को जेसीबी के माध्यम से ताबड़तोड़ कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया गया।
सरिता मालवीय,
तहसीलदार, नर्मदापुरम।

