
नर्मदापुरम / सोमवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में नक्शा पायलट प्रोजेक्ट हेतु गठित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नक्शा पायलट प्रोग्राम के अंतर्गत जिले में संचालित गतिविधियों एवं प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि यह परियोजना नगरीय क्षेत्रों में सटीक सर्वेक्षण एवं भू-स्थानिक आधारित भूमि अभिलेख तैयार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से आधुनिक सर्वेक्षण तकनीक, जीआईएस एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग कर नक्शों एवं अधिकार अभिलेखों का एकीकृत एवं विश्वसनीय डाटाबेस तैयार किया जा रहा है।
बैठक के दौरान तहसीलदार भू-संसाधन प्रबंधन नर्मदापुरम सुरेखा यादव ने जानकारी दी कि नगर परिषद माखननगर अंतर्गत ग्राम बाबई, कोठारिया एवं सेमरी खुर्द को 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इनमें सेक्टर क्रमांक 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9 एवं 10 के प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि सेक्टर क्रमांक 1 का प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया प्रचलन में है। उन्होंने बताया कि सेक्टर क्रमांक 02 में सुधार संबंधी कार्यवाही एमपीएसईडीसी भोपाल में संबंधित पटवारियों द्वारा कराई जा रही है। वहीं सेक्टर क्रमांक 07, 08, 09 एवं 10 में पुनः री-ड्रोन फ्लाई कराया गया है, जिनके नक्शे संबंधित पटवारियों की आईडी पर अपलोड होना शेष है। नक्शे अपलोड होने के पश्चात जी.टी. की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी। बैठक में यह भी बताया गया कि सेक्टर क्रमांक 02 एवं 06 में जी.टी. कार्य पूर्ण होने के पश्चात भुगतान हेतु बजट संबंधी कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नर्मदापुरम को निर्देश दिए कि स्थानीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित कर नगर परिषद माखननगर अध्यक्ष, पार्षदगण एवं आम नागरिकों को योजना की प्रगति एवं उद्देश्य से अवगत कराया जाए, जिससे आमजन में परियोजना के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाई जा सके।
बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष माखननगर श्रीमती रीना आकाश तिवारी, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर बृजेन्द्र रावत, सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह, एसडीएम नर्मदापुरम जय सोलंकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

