
नर्मदापुरम / नगरपालिका परिषद में लगी नेशनल लोक अदालत में नागरिकों ने टेक्स जमा किया। सुबह 10.30 बजे से कर कलेक्शन टेबिल पर नागरिकों ने देर शाम तक अपने विभिन्न प्रकार के कर जमा किए और नेशनल लोक अदालत में मिलने वाली छूट का लाभ उठाया। शनिवार को नेशनल लोक अदालत में नागरिकों ने करीब 20 लाख 80 हजार से अधिक की राशि कर के रूप में जमा की। राजस्व शाखा के हरीश गोस्वामी ने बताया कि नपा परिसर में लगी नेशनल लोक अदालत का निरीक्षण मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को बैठने, पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कर जमा करने आने वाले लोगों से चर्चा भी की। कर जमा करने में समूची राजस्व टीम लगी रही। श्री गोस्वामी ने बताया कि शनिवार को नेशनल लोक अदालत में कुल 20 लाख 80 हजार 251 रुपए जमा किए गए। जिसमें संपत्तिकर 16 लाख 73 हजार 602 रुपए, जलकर 1 लाख 67 हजार 878, दुकान किराया 2 लाख 26 हजार 271 रुपए, विविध कर 12 हजार 500 रुपए कर के रूप में प्राप्त किए गए।

