

नर्मदापुरम / “इंदिरा ज्योति यात्रा” व महात्मा गांधी की अवधारणा के अनुरूप “चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा” का 11 मई सोमवार को नर्मदापुरम में आगमन हो रहा है। यात्रा का स्वागत राम जी बाबा समाधि स्थल दोपहर 3:30 बजे किया जायेगा तथा उसके पश्चात् नर्मदापुरम नगर में भ्रमण के दौरान जगह-जगह स्वागत किया जायेगा। उसके बाद यात्रा नर्मदा घाट पहुंचेगी। कांग्रेस समर्थित सम्यक अभियान द्वारा महात्मा गांधी ने छिंदवाड़ा में 6 जनवरी 1921 को जिस स्थान से असहयोग आंदोलन शुरू किया था, उसी स्थान से गुरुदेव भास्कर राव रोकड़े के नेतृत्व में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान के सभी जिलों में जाने वाली उक्त यात्रा के माध्यम से इंदिरा गांधी के कार्यों, विचारों व क्रांतिकारी निर्णयों व महात्मा गांधी की रामराज्य की अवधारणा तथा सम्यक विकास व नवक्रांति हेतु संकल्पित 9 मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। सेठानी घाट स्थित तिलक भवन में सायं 5 बजे जनसभा को गुरुदेव भास्कर राव रोकड़े, मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री पी सी शर्मा एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सम्मानजनक अवसरों से जोड़ने का कारगर फार्मूला इस अभियान में है। समता मूलक सामाजिक व्यवस्था व समानता मूलक शासन व्यवस्था स्थापित करने का संकल्प है तथा भय, भ्रष्टाचार व भेदभाव मुक्त व्यवस्था ही रामराज्य का प्रतीक है। इस विषय पर बड़े परिवर्तन के संकल्प के साथ जन भावनाओं को जोड़ने हेतु सारगर्भित, क्रांतिकारी विचार सुनने हेतु अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व युवा कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई।
विशेष—-
स्थान राम जी बाबा समाधि से दोपहर 3:30 बजे यात्रा प्रारंभ होगी एवं मां नर्मदा की पूजा अर्चना के पश्चात तिलक भवन में सभा आयोजित होगी।

