नर्मदापुरम / सीहोर / प्रधान जिला न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल ने जिला न्यायालय में नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ किया। सीहोर जिला न्यायालय परिसर सहित आष्टा, भैरूंदा, बुधनी और इछावर के तहसील न्यायालयों में नेशनल लोक अदालत का सुबह 10.30 बजे शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल ने कहा कि नेशनल लोक अदालत सरल और सुलभ न्याय का सबसे अच्छा माध्यम है। लोक अदालत में पक्षकारों का समय और श्रम की बचत होने के साथ ही साथ आर्थिक भार भी नहीं आता। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय में लंबित आपराधिक शमनीय प्रकरण, धारा 138 पराक्राम्य लिखित अधिनियम, क्लेम प्रकरण, विद्युत अधिनियम् , वैवाहिक विवाद सम्बंधी व अन्य सिविल प्रकरण सहित लगभग 1900 राजीनामा योग्य प्रकरण रखे गये हैं। विद्युत अधिनियम, बैंक रिकवरी, जलकर एवं बी.एस.एन.एल. विभाग से संबंधित लगभग 10000 प्री लिटिगेशन प्रकरण नेशनल लोक अदालत के समक्ष रखे गए है। नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु सीहोर में 11, आष्टा में 06, भैरूंदा में 03. बुधनी में 03 एवं उपभोक्ता फोरम में 01, इस प्रकार कुल 24 खण्डपीठों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि नेशनल लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों के साथ-साथ राजीनामा योग्य राजस्व प्रकरण भी रखे गए हैं।

