
नर्मदापुरम / इटारसी में भाजपा सभापति मीरा यादव के पुत्र आकाश यादव पर हुए जानलेवा हमले ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में भारी हलचल मचा दी है। घटना के बाद माहौल उस वक्त और गर्म हो गया, जब विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा सीधे दयाल हॉस्पिटल पहुंचे और घायल आकाश यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। लेकिन यह सिर्फ एक औपचारिक मुलाकात नहीं थी अस्पताल के भीतर विधायक का तेवर बिल्कुल अलग दिखाई दिया। गुस्से से भरे विधायक ने मौके पर ही इटारसी थाना प्रभारी से फोन पर तीखी बातचीत की और साफ शब्दों में कहा गुंडों को ऐसा सबक सिखाओ कि दोबारा किसी की तरफ आंख उठाने की हिम्मत न करें।
विधायक ने साफ चेतावनी दी कि शहर में अपराध और गुंडागर्दी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर अपराधियों पर समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ेंगे और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।
अस्पताल में मौजूद लोगों के मुताबिक विधायक बेहद आक्रोशित नजर आए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कहा कि सिर्फ खानापूर्ति नहीं, बल्कि ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जिससे शहर में संदेश जाए कि कानून से बड़ा कोई नहीं। डॉ. शर्मा ने कहा कि इटारसी की शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त धाराओं में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। घटना के बाद अस्पताल में समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा हो गई। माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण और राजनीतिक रूप से गर्म नजर आया।
इस दौरान नपा अध्यक्ष पंकज चोरे, जयकिशोर चौधरी, सभापति राकेश जाधव, मनजीत कालोसिया, मंडल अध्यक्ष गोकुल पटेल, कुलदीप रघुवंशी, हरप्रीत छाबड़ा, वीरेंद्र यादव, अंशु यादव एवं राजकुमार यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

