
सिवनी मालवा / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य निरंतर जारी है। उपार्जन केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम विजय राय ने शुक्रवार को सिवनी मालवा क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर क्षेत्र के विभिन्न उपार्जन केंद्रों एवं वेयरहाउस केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्लॉट बुकिंग व्यवस्था, नॉन-एफएक्यू गेहूं, तौल व्यवस्था सहित उपार्जन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित खरीदी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम श्री राय ने केंद्रों पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं एवं कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि शासन की उपार्जन नीति के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में सभी पंजीकृत किसानों की उपज का उपार्जन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि उपार्जन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा किसानों को सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण में अपनी उपज विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन द्वारा किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं उपार्जन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

