
सिवनी मालवा / भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा अस्पताल, विद्यालय, क्लीनिक एवं स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में आग से होने वाले नुकसान से बचने के लिए सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष के अग्नि सुरक्षा सप्ताह का मुख्य विषय है- “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज- आग की रोकथाम के लिए एक साथ”। इस संबंध में सिविल अस्पताल सिवनी मालवा में जागरूकता गतिवधियां आयोजित की जा रही है। बीएमओ डॉ. कांति बाथम के मार्गदर्शन में अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारियों ने रैली निकाली, पोस्टर के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया और सभी ने शपथ ली। पोस्टर पर चित्र और नारों के माध्यम से आग से बचाव के तरीके बताए।
साथ ही शपथ ली गई कि हम मिलकर सिविल अस्पताल में अग्नि सुरक्षा के मानक स्तंभों को बनाए रखेंगे। इस संबंध में स्वयं भी जागरूक होकर अन्य साथियों को शिक्षित करेंगे।
सभी ने शपथ ली कि हम साथ मिलकर अपने संकल्प को सुदृढ़ करेंगे, ज्ञान साझा करेंगे और अग्नि खतरों को रोकने के लिए नवाचार को अपनाएंगे। हम एकजुट होकर सुरक्षा और विश्वास की ऐसी विरासत का निर्माण करेंगे जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि हमारा स्वास्थ्य केंद्र, आज और आने वाली पीढ़ियों हेतु स्वास्थ्य लाभ के लिए आश्रय स्थल बने।
डॉ. कांति बाथम ने सभी को जागरूक रहने, सचेत रहने और आग से बचने के तरीके बताए।
इस दौरान डॉ. अंकित तिवारी, डॉ. बृजेश राजपूत, डॉ. धरा राजनेगी, डॉ. शुभम गुर्जर, बीपीएम इंदर हिरवे, बीईई अश्विनी जोसेफ, परिवार कल्याण शाखा प्रभारी एमएल टेकाम, स्टोर प्रभारी कैलाश अहिरवार, उमंग परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई, सीएचओ नेहा साकल्ले, सेक्टर सुपरवाइजर, नर्सिंग स्टाफ, सीएम राइज़ और कन्या हासे स्कूल के विद्यार्थी एवं स्वास्थ्य प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहे।

