

सिवनी मालवा / जनकल्याण फाउंडेशन की सिवनी मालवा इकाई ने अपने पहले सामाजिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम नगर के भीलपुरा में आयोजित किया। जिसमें महिलाओं ने पक्षियों के लिए दाना, पानी की व्यवस्था कर सेवा, संवेदनशीलता, सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन मोनिका विश्वकर्मा, सलोनी लोधी ने किया। कार्यक्रम में रानी, प्रियंशी, हर्षिता, महक, सुमित्रा बाई, लता बाई, अनीता बाई, शारदा बाई, दुर्गा बाई, ऊषा राजपूत, रश्मि लोधी, सीमा लोधी, आशु लोधी सहित अन्य महिलाओं की सक्रिय उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। महिलाओं ने विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए दाना डालते हुए, पानी के पात्रों की व्यवस्था की। जिन्हें विभिन्न स्थानों सहित पेड़ो पर लटकाया गया। बढ़ती गर्मी व जल की कमी को ध्यान में रखते हुए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। जिससे पक्षियों को राहत मिल सके। प्रातःकालीन समय में दिन की शुरुआत से पूर्व सभी महिलाओं ने अपने घर-परिवार के दैनिक कार्यों से समय निकालकर एकत्रित होते हुए पशु-पक्षियों की सेवा के इस सामाजिक, प्रेरणादायक कार्य को प्राथमिकता दी। जीवों के प्रति करुणा रखे जाने की इस पहल को लोगों ने सराहनीय बताया। संस्था की इस पहल ने समाज को यह संदेश दिया कि मानवता और जीव सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।

