
नर्मदापुरम् / मंगलवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले द्वारा बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान से निकले कचरे को सड़क पर फैंकने पर नाराजगी जताई तथा दुकानदारों को समझाइश दी गई। साथ ही दोबारा कचरा मिलने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। दुकानदारों को समझाइश देते हुए कहा कि यह नगर आपका अपना है इसे स्वच्छ रखना भी आपकी और हमारी जिम्मेदारी है। दुकानों और संस्थानों के सामने डस्टबिन रखें। कचरा वाहन आने पर कचरा उसी में डालें। नपा की स्वच्छता टीम का सहयोग करें और अपनी जिम्मेदारी समझें। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद राजेंद्र उपाध्याय मौजूद रहे। प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक कमलेश तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले मार्गदर्शन में एवं स्वच्छता प्रभारी उपयंत्री दीक्षा तिवारी के निर्देश पर नगर में तेजगति से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। श्री तिवारी ने बताया कि देर रात मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती पटले द्वारा बाजार क्षेत्र के प्रमुख पाइंटों का निरीक्षण किया गया। जहां दुकानदारों ने अपनी दुकान का कचरा सड़क पर ही फैंक दिया था। जिससे नाराज मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती पटले द्वारा समझाइश दी गई। साथ ही दोबारा कचरा सड़क मिलने पर संबंधित पर जुर्माने के निर्देश दिए गए। श्री तिवारी ने बताया कि बाजार क्षेत्र में दोनों टाइम कचरा वाहन पहुंचाए जा रहे हैं।
नपाध्यक्ष नीतू यादव द्वारा नगर के नागरिकों से आग्रह किया है कि दुकानों, संस्थानों और घरों का कचरा सड़क पर न फैंकें। इससे गंदगी तो फैलती है साथ ही आवारा पशु भी इन्हें खाने के लिए आते हैं। बाजार क्षेत्र में दोनों समय पर कचरा वाहन पहुंचाया जा रहा है। अपनी दुकानों से निकलने वाले कचरे को डस्टबिन में रखें। कचरा वाहन आने पर कचरा उसी में डालें। आपके सहयोग से ही हमारा नगर नंबर 01 बनेगा। ध्यान रहे कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत नगर को सुपर 75 शहरों में शामिल किया गया है। जिसके चलते नगर को स्वच्छ बनाने के लिए अनेक प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। नागरिकों से आग्रह है कि नगर को स्वच्छ रखने में आप सभी सहयोग करें।

