
इटारसी / जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवकांत ‘गुड्डन’ पाण्डेय ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में किन्नरों के दो गुटों के बीच हुआ खूनी संघर्ष अत्यंत चिंताजनक है और यह शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा संबंधित व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण कराकर असली एवं नकली किन्नरों की पहचान सुनिश्चित की जाए। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। श्री पाण्डेय ने यह भी आरोप लगाया कि इटारसी में बाहरी राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश एवं बिहार से आए कुछ हिस्ट्रीशीटर अपराधी फल के ठेले लगाकर सक्रिय हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की, जिससे शहर में कानून का भय बना रहे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि शहर की शराब दुकानों पर एमआरपी से अधिक मूल्य पर शराब बेची जा रही है, जो खुलेआम नियमों का उल्लंघन है। वहीं पिपरिया क्षेत्र में ड्रग्स का कारोबार भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। जिला अध्यक्ष पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मांग की, कि बनखेड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष पंकज प्रजापति को शराब माफिया द्वारा दी जा रही धमकियों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी और शीघ्र ही एक प्रतिनिधि मंडल एसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में जहां एक ओर 11 बजे बाजार बंद कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शराब दुकानें रात 12 बजे तक खुली रहती हैं, जो प्रशासन के दोहरे मापदंड को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नाला मोहल्ला धीरे-धीरे अपराधियों की शरणस्थली बनता जा रहा है। जब तक अपराधियों की सख्त धरपकड़ और निरंतर कार्यवाही नहीं की जाएगी, तब तक शहर में अपराधों पर नियंत्रण संभव नहीं है। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई है।

