
सिवनी मालवा / कलेक्टर नर्मदापुरम सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के तहत शासन द्वारा चलाए जा रहे मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्य का सिवनी मालवा क्षेत्र में तेजी से संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विजय राय ने क्षेत्र का सघन दौरा कर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया।
घर-घर पहुंचकर जांचा कार्य….
निरीक्षण के दौरान एसडीएम विजय राय ने विभिन्न वार्डों और ग्रामों में घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे मकान सूचीकरण कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने HLO App के माध्यम से प्रगणक की उपस्थिति में मकान सूचीकरण कार्य भी कराया और प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की।
त्रुटिरहित कार्य के दिए निर्देश….
समीक्षा के दौरान एसडीएम ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मकान का नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए तथा परिवार से संबंधित जानकारी पूरी शुद्धता और सावधानी के साथ दर्ज की जाए।
कोई पात्र परिवार न छूटे…
एसडीएम विजय राय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार या मकान सूचीकरण कार्य से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि सभी घरों तक पहुंच सुनिश्चित कर सटीक जानकारी संकलित की जाए।
आमजन से सहयोग की अपील…..
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नागरिकों से संवाद भी किया और जनगणना कार्य में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होती और न ही किसी प्रकार का OTP मांगा जाता है। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
अधिकारियों की रही मौजूदगी….
इस दौरान नगर पालिका सीएमओ, राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं संबंधित क्षेत्र के प्रगणक और पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

